राजाफत्तेपुर। इन्हौना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम शौच के लिए गई किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवक किशोरी को जबरन खींचकर ले जाने लगे। उसकी चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसकी जानकारी मिलने पर पहुंचे युवकों के सहयोगियों ने किशोरी और उसके भाई की पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार सोमवार शाम उनकी बेटी एक अन्य किशोरी के साथ गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान भीखीपुर गांव निवासी फैसल और जैद ने उसके साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर उसका भाई सुनील मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों को पकड़ लिया।
आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर युवकों के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किशोरी और उसके भाई को पीटा। हमले में किशोरी के चेहरे और पीठ पर चोटें आईं। पुलिस ने घायल किशोरी को सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता के घर पहुंचे राज्यमंत्री, कार्रवाई का भरोसा
घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार को राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उनके साथ तिलोई ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह, सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी और धर्मेश मिश्रा भी मौजूद रहे। राज्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।