अमेठी सिटी। पीपरपुर क्षेत्र के दहियांवा गांव निवासी करमराज के साथ रविवार को बाजार में मारपीट और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार तीन युवकों ने पहले उसे पीटा और फिर पिकअप में डालकर जबरन ले जाने का प्रयास किया। शोर मचने और भीड़ एकत्र होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
पीड़ित करमराज के मुताबिक, उन्होंने एक साल पहले गडेरियन का पुरवा निवासी समरजीत यादव को ट्रक ड्राइवर की नौकरी दिलवाई थी, लेकिन समरजीत ट्रक लेकर भाग गया था। तभी से रंजिश चली आ रही है। रविवार शाम करमराज अयोध्यानगर बाजार में कपड़े खरीदने गया था। तभी समरजीत यादव अपने दो साथियों अजीत यादव और अभिनाश यादव के साथ वहां पहुंचा। तीनों ने पहले उसकी पिटाई कर दी।
आरोप है कि इसके बाद वे करमराज को जबरन पिकअप में डालकर ले जाने लगे और वाहन के अंदर भी मारपीट की गई। शोर सुनकर जब बाजार में लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर रामराज कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिर्फ मारपीट की पुष्टि हुई है। अन्य आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।