अमेठी। साइबर ठगी के बाद अब मोबाइल एप से क्यूआर कोड से भुगतान करने की आड़ में खूब ठगी की जा रही है। ठग आपको भुगतान का मेसेज दिखाएंगे जो कि फर्जी होगा। वे धीरे से खिसक जाएंगे और आप पेमेंट का इंतजार ही करते रह जाएंगे। लगातार कई वारदातों के बाद दुकानदार भी हरकत में आ गए हैं।
शहर के पोस्ट ऑफिस के समीप मिठाई दुकानदार राहुल के पास शनिवार को एक युवक पहुंचा। राहुल से सबसे महंगा केक देने को कहा। जब राहुल ने केक दिया तो युवक ने अपने मोबाइल से दुकानदार से पैसे पूछकर कुछ समय फोन चलाकर दुकान में लगे बार कोड को स्कैन कर दुकानदार को भुगतान के 1600 रुपये का फर्जी मेसेज दिखाकर ठगी करने की कोशिश की। राहुल से एक माह पहले ऐसे ही युवक ने 700 रुपये की ठगी की, तब से दुकानदार चौकन्ना था।
दुकानदार ने युवक को रोक कर बोला, अभी पैसा नहीं आया, न पेमेंट मशीन में पैसे बोलने की आवाज आई और न ही फोन में पैसे आने का मेसेज मिला। युवक बाहर जाने लगा तो दुकानदार ने उसे रोककर पुलिस को सूचना दी। आरोपी युवक को पुलिस ने थाने ले जाकर पूछताछ की। एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
मेसेज दिखाया, मगर नहीं हुआ भुगतान
मिश्रौली में किराना स्टोर चलाने वाले मनोज ने बताया कि एक दिन उनकी दुकान पर एक युवक ने क्यूआर कोड स्कैन करके 170 रुपये का भुगतान किया। ग्राहक ने मेसेज भी दिखाया, जिसमें दुकान के नाम से भुगतान दिख रहा था। उसके जाने के बाद जब ट्रांजेक्शन देखा तो कोई भुगतान ही नहीं हुआ था।
इन बातों का रखें ध्यान
साइबर थाना प्रभारी कंचन सिंह ने बताया कि ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए दुकानदारों को हर लेन-देन की जानकारी अपने पेमेंट एप या बैंक अकाउंट से क्रॉस चेक करनी चाहिए। अगर ग्राहक जल्दी में हैं और दबाव बना रहा है तो सतर्क हो जाना चाहिए। उन्हें लेन-देन आईडी चेक करना या पेमेंट प्रोसेसर से कंफर्मेशन का इंतजार करना चाहिए। अगर फर्जी पेमेंट एप से जुड़ी धोखाधड़ी का शक हो, तो तुरंत पुलिस और अपने पेमेंट प्रोसेसर को सूचित करें।