गौरीगंज के हनुमान तिराहे पर पुलिस से घिरे काग्रेस कार्यकर्ता।
अमेठी सिटी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर चार्जशीट दाखिल किए जाने और जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के विरोध में ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बुधवार को तीखी झड़प हो गई। गौरीगंज के हनुमान तिराहे पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे कांग्रेसियों को रोकने पर पुलिस से हाथापाई तक हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किसी तरह मामला शांत कराया गया।
गौरीगंज शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय से बुधवार को दोपहर करीब 1:30 बजे बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता झंडा-बैनर लेकर मार्च करते हुए निकले। कार्यकर्ताओं के टांडा-बांदा हाईवे स्थित गौरीगंज हनुमान तिराहे पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ईडी का पुतला फूंकने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसपर कांग्रेसियों का गुस्सा भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक से मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
करीब 10 मिनट तक दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की चलती रही, जिसके बाद मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने पुतला जब्त कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शांत कराया। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. देवमणि तिवारी, अवनीश मिश्र सेनानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग कर रही सरकार
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे ने कहा कि जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, लेकिन सरकार आंखें मूंदे बैठी है। वहीं ईडी जैसी संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग कर राहुल गांधी और सोनिया गांधी को दबाने की कोशिश की जा रही है। हम इसका विरोध जारी रखेंगे, जेल जाना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे।