अमेठी सिटी। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार के अटल इनोवेशन मिशन के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेजों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापना की संभावना है। प्रयोगशालाओं में थ्रीडी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, विभिन्न सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े संसाधन उपलब्ध रहेंगे।
इन सुविधाओं के माध्यम से छात्र विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित की व्यावहारिक समझ विकसित करेंगे। पढ़ाई केवल सैद्धांतिक न रहकर प्रयोग आधारित बनेगी, जिससे तकनीकी दक्षता और समस्या समाधान क्षमता मजबूत होगी। अटल टिंकरिंग लैब का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार की संस्कृति विकसित करना है।
यहां बच्चे प्रयोग करते हुए सीखेंगे और अपनी कल्पनाओं को मॉडल का रूप दे सकेंगे। ड्रोन निर्माण, रोबोटिक सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट और डिजाइन थिंकिंग जैसी गतिविधियों से छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे। प्रयोगशाला में स्टार्टअप से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी भी दी जाएगी, जिससे उद्यमशीलता के प्रति रुझान बढ़ेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि अब तक अटल टिंकरिंग लैब स्थापना के मानक जटिल थे, जिन्हें हाल में सरल किया गया है। इससे सरकारी विद्यालयों के लिए चयन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उम्मीद है कि नए प्रावधानों से अधिक संख्या में स्कूल चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। चयन के बाद विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी।