अमेठी सीएचसी परिसर में प्रदर्शन करती आशा कार्यकर्ता। स्रोत: स्थानीय नागरिक
अमेठी/संग्रामपुर। सात सूत्री मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों ने बुधवार को सीएचसी परिसर में प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बाद कार्यकर्ताओं ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांगें पूरी कराने की मांग की। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी।
अमेठी, संग्रामपुर समेत अन्य सीएचसी में हुए प्रदर्शन में आशा कार्यकर्ताओं ने राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। आशा कार्यकर्ताओं के लिए 18 हजार और संगिनियों के लिए 24 हजार रुपये न्यूनतम मासिक वेतन निर्धारित करने की मांग रखी। सेवा समाप्त होने पर एक लाख रुपये की राशि और पेंशन की व्यवस्था करने की मांग भी की। कार्यकर्ताओं ने ईपीएफ और ईएसआई का लाभ देने की मांग की।
आशा संगिनियों के लिए स्कूटी और आशा कार्यकर्ताओं के लिए साइकिल उपलब्ध कराने के साथ परिवार को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की मांग की। उन्होंने सभी मांगों का स्थायी समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन में संग्रामपुर में कमलेश सिंह, सुमन सिंह, संगीता, कमलेश आदि मौजूद रहीं।