अमेठी सिटी। सीएचओ की हड़ताल से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) हड़ताल पर हैं। ऐसे में जिले में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं है। शनिवार को सभी आरोग्य मंदिरों पर ताले लटके रहे। न गर्भवतियों की जांच हुई और न मरीज देखे गए। मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
जिले के 203 आरोग्य मंदिर में 194 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर तैनात हैं। लंबे समय से ये नियमितीकरण, ब्लॉक स्तर पर भ्रष्टाचार रोकने, दूर-दराज के सीएचओ का स्थानांतरण करने जैसी मांगें कर रहे हैं। पिछले दिनों इन्हीं मांगों को लेकर सीएचओ ने कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी थी।
सीएचओ की हड़ताल से आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हो गई हैं। शनिवार को सीएमओ ने सीएचओ से हड़ताल समाप्त करने को कहा था, लेकिन वह नहीं माने। करीब 50 फीसदी सीएचओ लखनऊ में होने वाले आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर ताले लटके रहे। मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से इलाज में सहूलियत मिल जाता थी। अब दिक्कत हो रही है।
ये स्वास्थ्य सेवाएं हुईं प्रभावित
सीएचओ के आंदोलित होने के चलते कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उच्च रक्तचाप के मरीजों की स्क्रीनिंग होती है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, मलेरिया, डेंगू व टीबी की जांच और गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाती है। संचारी रोगों के रोकथाम प्रबंधन, परिवार नियोजन, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र, नाक, कान संबंधित प्राथमिक सेवाएं, आकस्मिक ट्रामा सेवाएं आदि इन केंद्रों पर मिलती हैं, लेकिन हड़ताल से लोगों को परेशानी हो रही है।
नोटिस देकर मांग रहे जवाब
जगदीशपुर (अमेठी)। पिछले तीन दिनों से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) की हड़ताल से सीएचसी से संचालित होने वाले कार्य प्रभावित हैं। साथ ही छोटी दिक्कतों में भी मरीजों को सीएचसी-पीएचसी की दौड़ लगानी पड़ रही है।
सीएचसी जगदीशपुर से 20 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित होते हैं। इसमें कठौरा, तेतारपुर, हारीमऊ, बाबुपुर सरैया, उतेलवा, दौलतपुर निसूरा, सिंदुरवा, मंगरौली, रानीगंज, थौरी, कैमा, रनकापुर अपने भवन में चल रहे हैं। वहीं, पालपुर, सिठौली, कमरौली, माहेमऊ, मऊ अतवारा, मटियारीकलां किराये के मकान में ये केंद्र संचालित हो रहे हैं। चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रदीप तिवारी ने बताया कि सभी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
सीएचओ को पत्र भेजे गए
हड़ताल पर गए सीएचओ से काम पर लौटने को लेकर वार्ता की गई थी। कार्य बहिष्कार करने वाले सीएचओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सीएचओ को पत्र भेज दिए गए हैं।
-डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमओ