जामो/मुसाफिरखाना (अमेठी)। कृषि के साथ पशुपालन व बागवानी के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए बुधवार को कृषि मेला/ प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। मुसाफिरखाना में राज्यमंत्री ने तो जामो में एक समाजसेवी ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में विभागों के स्टॉल के माध्यम से योजना की जानकारी देेने के साथ लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किया गया।
कोविड संक्रमण काल में प्रभावित किसानों की आय को बेहतर बनाने के लिए शासन के निर्देश पर किसान कल्याण मिशन के तहत बुधवार को जिले के भादर, सिंहपुर, मुसाफिरखाना व जामो में कृषि मेला आयोजित हुआ। मुसाफिरखाना में राज्यमंत्री सुरेश पासी तो अन्य ब्लॉकों में जनप्रतिनिधियों ने मेले का उद्घाटन किया।
मेले में कृषि विभाग के साथ उद्यान, मत्स्य, ग्राम्य विकास समेत अन्य विभागों ने स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ विभागों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किया।
मेले में किसानों को खेतीबाड़ी के साथ पशुपालन, बागवानी, कृषि आधारित उद्योग व अन्य गतिविधियों की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को जैविक उर्वरक का प्रयोग करने, मृदा परीक्षण कराकर उर्वरक का प्रयोग करने तथा दवा व उर्वरक प्रयोग की विधि बताते हुए कम लागत में अधिक उत्पादन के टिप्स दिए।
मेले को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर किसानों के हित के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कृषि कानून की विशेषता बताते हुए गुमराह होने से बचने की सलाह दी।
मुसाफिरखाना में आयोजित मेले में जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण मिश्र व डीएचओ डॉ. बल्देव प्रसाद, भादर में सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर व बीडीओ तो जामो में बीडीओ राजीव गुप्ता व कृषि वैज्ञानिक डॉ. एपीएस दोहरे समेत सभी विभागों के अफसर व कर्मी मौजूद रहे।