अमेठी। टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए शासन कई कार्यक्रम संचालित कर रहा है। वर्तमान में चले रहे दस दिवसीय अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा क्षय रोगियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करें। घर-घर जाकर ऐसे लोगों की जांच कर उन्हें चिह्नित करें। शासन के निर्देश पर 2 जनवरी से 12 जनवरी तक राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी हारेगा देश जीतेगा कार्यक्रम संचालित हो रहा है।
स्थानीय सीएचसी केंद्र पर संचालित क्षय रोग यूनिट का बुधवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजीव सौरभ ने निरीक्षण किया। डॉ. सौरभ ने बताया कि दूसरे चरण में शहरी और ग्रामीण मलिन बस्तियों में क्षय रोगियों की खोज में टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर बलगम की जांच कर रही हैं। इस दौरान एचआइवी व डायबिटीज से पीड़ित मरीजों की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
टीबी यूनिट प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य क्षयरोगियों की खोज तथा उनका उपचार कराना है। कहा यदि किसी व्यक्ति को दो हफ्तों से ज्यादा समय से खांसी, खांसते समय खून का आना, सीने में दर्द, बुखार, वजन कम होने की शिकायत हो तो वह तत्काल अपने बलगम की जांच कराए।
क्षय रोगियों की जांच एवं उपचार पूर्णतया निशुल्क है। इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी ने संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रतिदिन रिपोर्ट मुुहैया कराने का निर्देश देते हुए लैब समेत अन्य उपकरणों का निरीक्षण किया। इस मौके पर अधीक्षक डॉ. पीके उपाध्याय व एसएन पाठक समेत संबंधित कर्मी मौजूद रहे।