गौरीगंज(अमेठी)। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्य सेविकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार को डीएम और सीडीओ ने नौ मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा तो दो मुख्य सेविकाओं को योजना भवन में नियुक्ति पत्र दिया गया।
निदेशालय बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से चयनित मुख्य सेविकाओं में जगदीशपुर की सुरसती देवी व तिलोई की सुमन सिंह को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्या व राज्यमंत्री बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार प्रतिभा शुक्ला ने योजना भवन लखनऊ में नियुक्ति पत्र सौंपा।
जबकि कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जामो की ऊषा देवी, भादर की गीता देवी, कमला देवी, अमेठी की फूलमती, रामावती गुप्ता, भादर की मिथिलेश कुमारी, जामो की नीलकमल, अमेठी की शिव कुमारी, सिंहपुर की राज बाला को डीएम राकेश कुमार मिश्र व सीडीओ सान्या छाबड़ा ने नियुक्ति पत्र सौंपकर बधाई दी।
नियुक्ति पत्र मिलते ही मुख्य सेविकाओं के चेहरों पर मुस्कान छा गई। इस मौके पर डीपीओ संतोष श्रीवास्तव, सीडीपीओ संतोष कुमार गुप्ता, आंगनबाड़ी जिला संरक्षक देशराज तिवारी आदि मौजूद रहे।