गौरीगंज (अमेठी)। शैक्षिक सत्र 2023-24 में पूर्व दशम (कक्षा नौ व दस) के छात्रों को छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित करने के लिए समय सारिणी जारी की गई है। आठ सितंबर तक स्कूलों को अपना मास्टर डेटा साॅफ्टवेयर पर अपलोड करना होगा। 10 अक्तूबर तक छात्र आवेदन कर सकेंगे।
सात अगस्त से आठ सितंबर तक स्कूलों को साॅफ्टवेयर पर मास्टर डेटा अपलोड करना होगा तो 15 सितंबर तक डीआईओएस को सत्यापित करना अनिवार्य होगा। इसी तरह पूर्व दशम (कक्षा नौ व दस) में अध्ययनरत बच्चे 10 अगस्त से 10 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद तीन दिन तक त्रुटियों में सुधार करने का मौका मिलेगा। त्रुटि सुधार के बाद सभी संलग्नकों के साथ विद्यार्थियों को 13 अक्तूबर तक आवेदन की हार्डकाॅपी स्कूल में जमा करनी होगी। कॉलेज की ओर से 14 अगस्त से 17 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन सत्यापित कर आवेदन को अग्रसारित करना होगा।
योजना में नवीनीकरण 13 से 17 अक्तूबर तक होगा। 18 अक्तूबर से 14 दिसंबर तक डीआईओएस कार्यालय की ओर से वास्तविक छात्रों का सत्यापन कर आवेदन अग्रसारित करना होगा। आवेदन के बाद जांच पूरी करते हुए समाज कल्याण विभाग बच्चों के खाते में प्रतिपूर्ति राशि का अंतरण करेगा। सचिव का पत्र मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग ने डीआईओएस के माध्यम से सभी प्रधानाचार्यों को पत्र भेजते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्व दशम छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है।
स्कूल को भेजी गई समय सारिणी
शासन से पूर्व दशम (कक्षा नौ व दस ) के छात्रवृत्ति आवेदन की समय सारिणी जारी की गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के माध्यम से सभी प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा गया है। सभी को समय सारिणी का प्रचार-प्रसार कर बच्चों से समय से आवेदन कराते हुए जांच व अग्रसारण की कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया है। अभी दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना की समय सारिणी नहीं मिली है। मिलने के बाद उसे भी जारी किया जाएगा। - आरके शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी