गौरीगंज (अमेठी)। स्थानीय थाने के केशवपुर के पास सोमवार को ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें एक की मौत हो गई। एक अन्य घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जामो थाने के रमदासीपुर मजरे बीरीपुर गांव निवासी कन्हैया पासी (25) सोमवार को अपने गांव के ही सुख्खा (70 ) के साथ जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कैमा गांव में अपने एक मृत रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। वारिसगंज हाईवे से कन्हैया समेत चार व्यक्ति ई-रिक्शा पर बैठकर जामो आ रहे थे। केशवपुर गांव के पास तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इसमें कन्हैया व सुख्खा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर कन्हैया की मौत हो गई। सुख्खा को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसके अतिरिक्त मामूली रूप से घायल दो अन्य बिना अस्पताल गए अपने घर चले गए।
कन्हैया की मौत के बाद परिजनों को रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ई-रिक्शा व शव को कब्जे में लेकर जांच व वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि मृतक कन्हैया के परिजन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।