अमेठी सिटी। सीएम पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायत एक करोड़ रुपये तक का पुरस्कार जीत सकती है। पंचायत पोर्टल पर 10 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकता है। जिला परियोजना अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में आवेदन के दौरान 100 अंकों वाली प्रश्नावली के प्रश्नों का उत्तर ग्राम पंचायत अधिकारी को देना होगा।
सहायक विकास अधिकारी की देखरेख में ग्राम प्रधान के साक्ष्यों के आधार पर सचिव ऑनलाइन फार्म भरकर इसे फ्रीज करेंगे। फ्रीज की गई प्रश्नावली को डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी परीक्षण करेगी। इसके बाद स्थलीय सत्यापन के लिए ग्राम पंचायतों का चयन होगा। सर्वाधिक अंक वाली पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा।
जिन्हें राज्य स्तरीय समिति के सामने ऑन लाइन फ्रीज किया जाएगा। आवेदक ग्राम पंचायत को न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक लाना होगा। इस योजना में जिले की 50 ग्राम पंचायतों से आवेदन कराने की योजना है। जिसमें गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल मैत्री गांव, पर्याप्त जलयुक्त, स्वच्छ व हरित, आत्मनिर्भर, सामाजिक सुरक्षित, सुशासन वाला गांव, महिला हितैषी आदि थीम पर पुरस्कार दिया जाना है।