अमेठी सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को जिले के 1,489 बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की बैठक हुई। इस दौरान अभियान के तहत तैयार की गई एएसडी (अनुपस्थित, मृतक, डबल व स्थानांतरित) मतदाताओं की सूची पढ़ने संग बीएलए को उपलब्ध कराई गई।
साथ ही मतदाता का नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन के लिए आवेदन लिए गए। एसआईआर पहले मतदाता सूची में 14,36,528 मतदाता थे। अब सूची 11,69,287 मतदाता बचे हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,08,493 मतदाताओं को नोटिस जारी करने की कवायद की जा रही है। अब तक करीब 25 हजार से अधिक दावा-आपत्तियां मिली हैं।
बूथों पर आयोजित बैठक में अधिकारियों ने बताया कि एएसडी सूची में जिन मतदाताओं के नाम शामिल हैं। वे अपने क्षेत्र में जाकर भौतिक सत्यापन करें और सूची में दर्ज व्यक्ति वास्तव में मृतक, स्थानांतरित या अनुपस्थित हैं अथवा नहीं। कोई मतदाता जीवित है और उसी पते पर रह रहा है, लेकिन उसका नाम एएसडी सूची में आ गया है, तो उसके लिए दावा आपत्ति छह फरवरी तक दे सकते हैं।