जगदीशपुर। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के नारा अढ़नपुर गांव निवासी रामनाथ के बेटे गुलशन (13) की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों का आक्रोश रविवार को फिर सामने आया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों पर अड़ गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
शनिवार शाम हुए हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। देर रात मामला दर्ज होने पर परिजन शांत हुए थे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। रविवार शाम शव गांव पहुंचा तो चाचा गुड्डू, मां श्रीमाता, बहन रूपा और पिता रामनाथ का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसी बीच परिजन फिर आक्रोशित हो गए और अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया।
सीओ अतुल सिंह ने परिजनों से वार्ता की और बताया कि आरोपी चालक अस्पताल में भर्ती है। स्वास्थ्य में सुधार होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चालक के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
अधिकारियों के समझाने और आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। परिजनों ने बताया कि अहमदाबाद से एक रिश्तेदार के पहुंचने की प्रतीक्षा भी की जा रही है। बातचीत के बाद सोमवार को अंतिम संस्कार करने पर सहमति बनी।