अमेठी सिटी। मौसम में बदलाव के कारण माहू कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। ये कीट फसलों के साथ-साथ लोगों की आंखों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन कीटों के कारण आंखों में जलन, लालिमा और सूजन जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
मौसम में आए बदलाव से माहू कीटों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। दोपहर के बाद यह कीट पौधों को छोड़कर हवा में उड़ने लगते हैं। जिला अस्पताल के नेत्र विभाग की ओपीडी में रोजाना 20 से 25 ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि आंख में कीट पड़ने पर मिर्च जैसी चुभन और जलन महसूस होती है। इससे आंखें लाल हो जाती हैं और उनमें सूजन भी आ जाती है। कई बार माहू कीट आंख में पड़ जाने से दुर्घटना होने की आशंका भी बन जाती है।
डॉ. अजय कुमार ने वाहन चलाते समय हेलमेट या चश्मा पहनने की सलाह दी है। यह आंखों को माहू कीटों के सीधे संपर्क से सुरक्षित रखने में मदद करता है। उन्होंने बताया कि बिना किसी चिकित्सक की सलाह के आंख में कोई ड्रॉप न डालें। ऐसा करना आंखों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।
कीटों के बढ़ने का कारण
कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, यह मौसम माहू कीटों के प्रजनन दर को काफी बढ़ा देता है। इस अवधि में कई प्रकार के कीटों का जन्म होता है और उनकी संख्या बढ़ती है। यही कारण है कि उनकी संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है। दोपहर बाद हवा में उड़ने के कारण ये लोगों की आंखों में आसानी से प्रवेश कर जाते हैं।