अमेठी सिटी। मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदकर लोग बेहिचक उसका सेवन शुरू कर देते हैं, लेकिन कई कंपनियों की दवाएं सैंपलिंग के बाद हुई प्रयोगशाला जांच में फेल हो गई हैं। जिसमें एंटी बायोटिक टैबलेट, दर्द निवारक जेल व कफ सीरप आदि शामिल हैं। जिला औषधि निरीक्षक के माध्यम से नियमित रूप से मेडिकल स्टोर पर जाकर दवाओं की जांच की जा रही है। शनिवार को औषधि निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में निर्मित एंटी बायोटिक मॉक्सीकॉम की सैंपलिंग नवंबर, 2023 में जामो रोड स्थित एक निजी क्लीनिक से भरे गए थे। रिपोर्ट में यह दवा फेल पाई गई है। दवा में रसायन का मिश्रण अधोमानक पाया गया।
वहीं, इसी तरह रुड़की उत्तराखंड में बना दर्द निवारक जेल भी जांच में फेल पाया गया। जिसकी सैंपलिंग सितंबर माह में रामगंज से की गई थी। इसी तरह फेंसीडिल खांसी सिरप का नमूना भी जांच में फेल पाया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि नमूना जांच में फेल होने के बाद विक्रेता व निर्माता को नोटिस दी गई है।
-