गौरीगंज (अमेठी)। नोबेल कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए शासन की ओर से कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को बिना परीक्षा पास करने का आदेश जिले के 2,437 स्कूलों पर लागू होगा। शासन के इस आदेश से कुल 2.70 लाख बच्चे बिना वार्षिक परीक्षा दिए अगली कक्षा में प्रोन्नत हो जाएंगे।
परिषदीय व मान्यता प्राप्त स्कूलों में होनी वाली वार्षिक परीक्षा के दौरान नोबेल कोराना वायरस संक्रमण को देखते हुए शासन ने 16 मार्च से शुरू वार्षिक परीक्षा को निरस्त कर दिया है। शासन का निर्देश मिलने के बाद अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग को पत्र जारी किया है।
पत्र मिलने के बाद बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने जनपद में संचालित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल के साथ ही सहायता प्राप्त तथा वित्तविहीन मान्यता प्राप्त स्कूल (कुल संख्या 2,437) के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया है। पत्र में वार्षिक परीक्षा निरस्त करते हुए पंजीकृत बच्चों को बिना वार्षिक परीक्षा में शामिल किए अगली कक्षा में प्रोन्नत करने का निर्देश दिया है।
इतना ही नहीं बीएसए ने दो अप्रैल तक स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश रखने के साथ ही बच्चों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने को कहा है। बीएसए ने बताया कि स्कूल में बिना परीक्षा बच्चों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने के साथ अवकाश अवधि में स्कूल नहीं खुले इसकी जिम्मेदारी संबंधित ब्लॉक के खंड शिक्षाधिकारी को दी गई है। स्कूल खुले होने तथा बच्चों को प्रोन्नत करने में परेशान करने पर बीईओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।