फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन, कर्मचारी को बनाया बंधक

Sat, 13 Jul 2024 01:36 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
धरना देते किसान
विज्ञापन
बाजारशुकुल (अमेठी)। अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों व प्रधानों ने ब्लॉक परिसर में किसान पंचायत लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। मौके पर जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचे तो ऊर्जा निगम के
विज्ञापन

टेक्नीशियन अमरनाथ को चार घंटे तक बंधक बनाकर बैठाए रखा। बाद में शनिवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने की चेतावनी देते हुए धरना स्थगित कर दिया।

विकास खंड परिसर में शुक्रवार को किसान यूनियन कार्यकर्ताओं, व्यापारियों व ग्राम प्रधानों ने विद्युत समस्या को लेकर धरना दिया। किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिला संरक्षक देवी दयाल शर्मा ने बताया कि आएदिन सबस्टेशन बाजारशुकुल में फाल्ट की समस्या बनी रहती है। 24 घंटे विद्युत सप्लाई बंद होने पर जब किसान अवर अभियंता से संपर्क करना चाहता है तो मोबाइल बंद रहता है। छोटी-छोटी समस्या के कारण दो-दो दिन तक आपूर्ति बाधित रहती है। यदि बिजली आती भी है तो मात्र दो से तीन से घंटे की आपूर्ति मिलती है, वह भी लो वोल्टेज होने से सिंचाई नहीं हो पाती है।
क्षेत्र की गेरावा रजबहा व सुबेहा रजबहा नहर सूखी पड़ी है। जिससे किसानों को सिंचाई के लिए टकटकी लगाकर बादलों की ओर देखना पड़ रहा है। इस अवसर पर प्रधान संघ के अध्यक्ष सतीश मिश्रा, जहीर अहमद प्रधान, जगदीश पाल, किसान कार्यकर्ता शेषनाथ तिवारी, विनोद मौर्य, शुभम गुप्ता, रामकुमार गौतम आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

-
क्षेत्र में नौ घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
अमेठी सिटी। बाजार शुकुल व महोना में शुक्रवार को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक कुल नौ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों में अघोषित कटौती को लेकर आक्रोश है। जिला मुख्यालय गौरीगंज के बरनाटीकर में भी अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। जिले के फुसरतगंज, मुसाफिरखाना, अमेठी आदि क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या ठीक करने की मांग हो रही है।


अधिशाषी अभियंता हर्षित श्रीवास्तव ने बिजली समस्या पर प्रदर्शन को लेकर कहा कि थोड़ी देर तक प्रेम से बैठाना बंधक बनाना नहीं है। कहा कि थोड़ा सा ब्रेक डाउन हुआ है। इसे बेहतर किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें