जगदीशपुर (अमेठी)। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के सादीपुर चौराहे पर चाय की दुकान पर हुई मारपीट में घायल बुजुर्ग की शुक्रवार रात मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने शव के अंतिम संस्कार से मना कर दिया।
शनिवार की सुबह हाईवे लिंक मार्ग स्थित गाजनपुर के पास शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गांव से लेकर सड़क तक परिजनों को समझाने में पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस अधिकारियों की घंटों चली मान मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए। तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से लोग परेशान हुए।
भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र निवासी दिलीप सिंह (62) की आठ अगस्त को सादीपुर गांव के नितिन सिंह ने लाठी-डंडों से पिटाई कर दी थी। घायल दिलीप की तहरीर पर पुलिस ने नितिन के खिलाफ केस दर्ज किया था। परिजनों ने दिलीप को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ से निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
दिलीप की मौत के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों सहित ग्रामीण पुलिस की कार्यशैली पर भड़क गए। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर अधिकारियों ने उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
शनिवार सुबह परिजन व ग्रामीण घटना में शामिल दो अन्य लोगों का नाम दर्ज करने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकान पर बुलडोजर चलवाने की मांग करने लगे। परिजन व ग्रामीण शव लेकर हाईवे जाम करने निकल पड़े। पुलिस ने हाईवे लिंक मार्ग पर गाजनपुर के पास ग्रामीणों को रोका तो वहीं शव को रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। तभी कुछ ग्रामीण हाईवे जाम करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने शांत किया। इस बीच कई थानों की पुलिस सहित सीओ अतुल सिंह व नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों के काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन व ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार किया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एसओ तनुज पाल ने बताया कि पहले से दर्ज केस में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। नामजद युवक की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इन मांगों के पूरा होने पर माने परिजन
जगदीशपुर (अमेठी)। बुजुर्ग दिलीप सिंह की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों को नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह ने पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने, दर्ज केस में दो नाम बढ़ाने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। आरोपियों के मकान व दुकान के सुरक्षित भूमि पर होने की पुष्टि के बाद अवैध निर्माण हटवाने की बात कही। संवाद
पति को बेरहमी से पीटा गया था
जगदीशपुर। दिलीप की मौत के बाद पत्नी पुष्पा का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने रोते हुए कहा कि उनका सुहाग मिट गया, उन्हें बचाने के लिए उन्होंने बहुत कोशिश की। काफी पैसा इलाज में खर्च कर दिया। फिर भी उन्हें नहीं बचा पाई। उनके पति को बड़ी बेरहमी से पीटा गया था।
सड़क जाम में फंसे रहे स्कूली बच्चे
कादूनाला थौरी लिंक मार्ग के जाम होने से आसपास संचालित स्कूली बच्चों को लेकर इस रास्ते से आने जाने वाले वाहन कुछ देर तक गर्मी में फंसे रहे। एक निजी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहे चालक रौनक ने बताया कि सड़क जाम होने के वजह उसे घूम कर बच्चों को उनके घर तक छोड़ना पड़ा। बच्चों के विलंब से घर पहुंचने पर अभिभावक भी परेशान रहे।