सुजानपुर गांव के विकास का मुद्दा अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। ग्रामीणों ने मंगलवार को बैठक कर कांग्रेस नेता पूर्व एमएलसी पर गांव के विकास को लेकर गलत बयानी का आरोप लगाया। कहा कि जो भी गांव की छवि को धूमिल करने का प्रयास करेगा ग्रामीण न तो गांव में उसके किसी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे और न ही उसके साथ रहेंगे।
मंगलवार को ग्राम प्रधान रेनू के निर्देश पर ग्रामीणों की बैठक हुई। इस संबंध में उनके प्रतिनिधि तेजभान शर्मा ने जानकारी दी कि गांव का समग्र विकास किया गया है। हरेक मजरे में सड़क बनाई गई है। आवास की व्यवस्था की गई है। पानी की पर्याप्त उपलब्धता है। पानी की टंकी का इंतजाम किया गया है। इसके बाद भी कांग्रेस नेता ने गांव के विकास को लेकर गलत बयानी की है। ऐसे में अब गांव में कांग्रेस के कार्यक्रमों का पूरी तरह से ग्रामीण बहिष्कार करेंगे। बैठक में फूलचंद्र, रामजी, शानबाबू, धर्मेंद्र पाठक आदि मौजूृद थे।
यह था मामला
रविवार को कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह सुजानपुर गांव पहुंचे। उन्होंने कई ग्रामीणों के बयान सोशल मीडिया पर जारी करते हुए गांव में विकास को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। मंगलवार को पूर्व एमएलसी ने दावा किया कि जिस गांव में विकास दिखाई पड़ता है, उस गांव में कांग्रेस कार्यक्रम करेगी।