कोतवाली गेट पर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता
अमेठी। जान से मारने की धमकी देने व फायरिंग करके दहशत फैलाने के दर्ज मुकदमे में दबिश देने चतुर्भुजपुर गांव पहुंची पुलिस पर महिला को धक्का देने का आरोप लगा है। नाराज भारतीय किसान यूनियन भानू गुट ने बुधवार को कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। काफी देर प्रदर्शन के बाद आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव अगहर निवासी विकास पांडेय ने 19 जून को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि 16 जून को चतुर्भुज गांव निवासी एक युवक ने बाइक से ओवरटेक कर रोकते हुए धमकी देते हुए मारने के लिए दौड़ाया। 17 जून को उसकी घेराबंदी की गई। 18 जून को घर पर पहुंचकर धमकाने व फायरिंग का आरोप लगाया गया। इस पर पुलिस ने चित्रांश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोप है कि पुलिस पड़ताल को लेकर आरोपी के घर गई तो महिला के साथ अभद्रता की। धक्का देकर महिला को गिरा दिया। भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के जिला अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने मंगलवार को सीओ ललन सिंह से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग की थी।
कार्रवाई न होने पर बुधवार को भाकियू जिला अध्यक्ष राजकुमार पांडेय की अगुवाई में विजय श्याम तिवारी सहित अन्य ने कोतवाली के सामने दोपहर बाद प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद प्रभारी निरीक्षक अरुण द्विवेदी ने जिलाध्यक्ष व अन्य किसानों से बात की। जिसमें प्रभारी निरीक्षक ने जिलाध्यक्ष समेत 5 लोगों को बैठकर बात करने के साथ ही साक्ष्य देने की बात कही। जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक से बात हुई है। आश्वासन मिला है, जांच कर सही कार्रवाई की जाएगी। सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि मुकदमा लिखा गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।