बाजारशुकुल के जगदीशपुर-सत्थिन मार्ग पर बागमीरा भिटवा गांव निवासी शिव ओम की मौत के बाद प्रदर्शन
बाजारशुकुल। बागमीरा भिटवा गांव निवासी शिव ओम (19) की बुधवार को सड़क हादसे में मौत के बाद बृहस्पतिवार को परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गांव के पास जगदीशपुर-सत्थिन मार्ग पर लोगों ने शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हादसे के जिम्मेदार बाइक सवार युवकों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग उठाई।
लगभग दो घंटे तक मार्ग बाधित रहा। प्रशासन की ओर से कार्रवाई और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ, तब अंतिम संस्कार हुआ। मां पार्वती ने बताया कि शिव ओम बुधवार को साइकिल से होली खेलने घर से निकला था। जगदीशपुर-सत्थिन मार्ग पर सामने से आई बाइक ने साइकिल को चपेट में ले लिया। गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई। हादसे के बाद मौजूद लोगों ने बाइक सवार युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बाद में उन्हें छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने शव रखकर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान हादसे में शामिल तीनों युवकों की गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई। एसओ बाजारशुकुल विवेक वर्मा, भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना प्रभारी तनुज पाल, जगदीशपुर इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव और कमरौली एसओ मुकेश पटेल मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह शांत नहीं हुए। बाद में मुसाफिरखाना तहसीलदार राहुल सिंह पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर शासन स्तर से पांच लाख रुपये की सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही बाइक सवार तीनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रधान फिरोज खान, राकेश, भल्लू, कोमल, गुंजा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।