गौरीगंज (अमेठी)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रदर्शन पर उतर आईं। ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन कर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम गौरीगंज को दिया। ज्ञापन में लंबित मांगें पूरी नहीं होने की दशा में चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।
राज्य कर्मचारी का दर्जा पाने के लिए संघर्षरत आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन के बैनर तले जिले में कार्यरत कार्यकर्ता व सहायिका सड़क पर उतर आए।
कर्मियों ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकारी कार्यक्रम में सहयोग तथा जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद प्रदेश सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम गौरीगंज संजीव कुमार मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने कार्यकर्ताओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। शांत होने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को न्यूनतम 18 हजार तो सहायिका को नौ हजार रुपये प्रति माह, योग्यता व वरीयता के आधार पर सेविका पद पर प्रमोशन करने, ग्रेच्युटी एवं पेंशन योजना से लाभान्वित करने तथा बकाया मानदेय का भुगतान करने समेत लंबित 23 मांगें जल्द पूरी करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बिन्दू गुप्ता, सरवन तिवारी, कंचन सिंह, किरन तिवारी, लीलावती व श्यामपती समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका मौजूद रहीं।