जगदीशपुर(अमेठी)। बृहस्पतिवार दोपहर का वक्त, लखनऊ वाराणसी हाईवे पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेतारपुर और इटरौर मोड़ के मध्य केंद्रीय मंत्री सांसद अमेठी स्मृति ईरानी का काफिला सड़क के इस पार और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का काफिला सड़क के उस पार से निकला। दोनों का काफिला निकलने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
वायनाड सांसद राहुल गांधी को अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ाने की घोषणा करके पूरे प्रदेश में सियासी माहौल गर्म करने वाले अजय राय के काफिले का आमना-सामना बृहस्पतिवार को जगदीशपुर थाना क्षेत्र के इटरौर मोड़ और तेतारपुर के मध्य दोपहर के 12 बजे हुआ। बता दें कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर क्षेत्र के दौरे पर थी।
अमेठी से राहुल गांधी को चुनाव लड़ाने की घोषणा करने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार वाराणसी से लखनऊ जा रहे थे। दोनों ने एक दूसरे के काफिले को गाड़ी में बैठे-बैठे देखा। लखनऊ से अमेठी आते समय स्मृति ईरानी बृहस्पतिवार सुबह 11.03 बजे तिलोई जाते समय इन्हौना चौराहे पर शिव कुमार गुप्ता को खड़ा देखकर गाड़ी रोककर उनका हालचाल पूछा।