अमेठी सिटी। मिशन प्रबोधन के अंतर्गत श्री वीएन सिंह इंटर कॉलेज थौरी में सोमवार को शैक्षिक गोष्ठी के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से अध्ययन सामग्री, व्यावहारिक ज्ञान और सीखने की उपयोगी विधियों पर अपनी समझ मजबूत की।
वाद विवाद प्रतियोगिता में कक्षा सात की तनु सोनी प्रथम स्थान पर रहीं। कक्षा नौ की महजबी दूसरे और आदित्य राज तीसरे स्थान पर रहे। प्रतिभागियों ने समाज, शिक्षा और विज्ञान से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार संयमित और स्पष्ट रूप में रखे। भाषण प्रतियोगिता में आदित्य राज ने पहला स्थान प्राप्त किया। तनु सोनी दूसरे और रागिनी तीसरे स्थान पर रहीं।
कला प्रतियोगिता में आंचल विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। महजबीन द्वितीय और शीलू तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने विषयों की समझ, भाषा शैली और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। समापन पर प्रधानाचार्य रवि कौशल ने कहा कि ऐसे आयोजन अभिव्यक्ति क्षमता, ज्ञानवृद्धि और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, वैचारिक स्पष्टता और सीखने की उत्सुकता बढ़ाने का माध्यम बनती हैं। इस मौके पर शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।