गौरीगंज (अमेठी)। गर्मी की छुट्टी पर लोगों को घर पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाएगा। अन्य ट्रेनों में आरक्षित सीटों की बुकिंग फुल होने के बाद विभाग ने आनंद विहार टर्मिनल जयनगर स्पेशल ट्रेन संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इस ट्रेन का अमेठी में भी ठहराव होगा। दिल्ली से बिहार के जयनगर के बीच पड़ने वाले रेलवे स्टेशनों पर ठहराव के साथ ग्रीष्म कालीन स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित ट्रेनों में आरक्षित टिकट की बुकिंग फुल होने व यात्रियों की मांग पर रेल विभाग स्पेशल ट्रेन चलाएगा। विभाग की ओर से जारी आदेश में आनंद विहार टर्मिनल-जय नगर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को आनंद बिहार टर्मिनल से पूर्वाह्न 10:30 बजे प्रस्थान करने के बाद रात्रि 10:05 बजे अमेठी स्टेशन पर ठहराव के साथ जयनगर के लिए रवाना होगी।
इसी तरह वापसी में जयनगर-आनंद बिहार टर्मिनल होली स्पेशल 12 से 23 मार्च तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार को जयनगर से शाम पांच बजे प्रस्थान करने के बाद दूसरे दिन अर्थात (बृहस्पतिवार व रविवार) को अमेठी स्टेशन पर सुबह 7:08 बजे पहुंचने के बाद दो मिनट ठहराव के साथ शाम 7:55 बजे आनंद बिहार टर्मिनल पहुंचेगी। अप/डाउन में स्पेशल ट्रेन का मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, वाराणसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में ठहराव होगा।
यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
ग्रीष्म कालीन स्पेशल ट्रेन संचालित होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। ट्रेन में आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। ट्रेन का ठहराव अमेठी स्टेशन पर होगा। ट्रेन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, स्लीपर के साथ साधारण कोच लगाया जाएगा। दीपक कुमार-मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे