जगदीशपुर। नौकरी या उद्योग में कार्यरत युवाओं के लिए अच्छी खबर है। संजय गांधी पॉलिटेक्निक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए विशेष डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके तहत इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग शाखाओं में अध्ययन कराया जाएगा।
योजना का उद्देश्य कार्यरत युवाओं को नौकरी के साथ तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देना है, ताकि वे अपनी तकनीकी योग्यता बढ़ाकर रोजगार और पदोन्नति के बेहतर अवसर हासिल कर सकें। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं और अनुभवी शिक्षक उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल उन युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी,जो काम के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा लेकर अपने कॅरिअर को नई दिशा देना चाहते हैं।
प्रधानाचार्य रामरतन ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी जो किसी उद्योग, कंपनी या तकनीकी कार्य से जुड़े हैं, वे संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट जीकप पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का औद्योगिक कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।