अमेठी सिटी। बिजली कटौती की समस्या से छुटकारा मिलता नहीं दिख रहा है। ग्रामीणांचल तो दूर जिला मुख्यालय पर ही बार-बार बिजली की आवाजाही लगी रही। सोमवार को हर आधे घंटे पर चार से छह मिनट की कटौती ने उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया। इससे घरेलू कामकाज, सिंचाई प्रभावित रही।
जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड होने से ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। मुख्यालय और आसपास के उपकेंद्रों में बिजली की आवाजाही का सिलसिला दिनभर लगा रहा। हर आधे घंटे पर बिजली का कटना और पांच से छह मिनट के अंतर पर फिर से आपूर्ति का बहाल होने का दौर बना रहा। इससे उपभोक्ता परेशान रहे।
इसके अलावा तिलोई, जगदीशपुर और अमेठी खंड के कई उपकेंद्रों में भी ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट के नाम पर कटौती की गई। बार-बार बिजली जाने से बाजार के लोग भी परेशान हैं। गौरीगंज के एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि लोकल फाॅल्ट आने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी शटडाउन लेकर उसकी मरम्मत करते हैं। इस दौरान बिजली आपूर्ति ठप करनी पड़ती है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर कटौती नहीं की जा रही है।
केबल बॉक्स जलने से सात घंटे ठप रही आपूर्ति
संग्रामपुर। गुंगवाछ के पास केबल बॉक्स जलने से मरम्मत कार्य के चलते सोमवार को जिरहा पावर हाउस के अंतर्गत करीब 50 गांवों की सुबह 9:40 से शाम पांच बजे तक लगातार सात घंटे से ज्यादा बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस पवार हाउस के अंतर्गत संग्रामपुर थाना, ब्लॉक मुख्यालय, बीआरसी भवन, पर्यटन स्थल कालिकन धाम, सीएचसी सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और दो इंटर कॉलेज आते हैं। ऐसे में सभी जगह कर्मचारी और लोगों को गर्मी में दिक्कत का सामना करना पड़ा।