भादर (अमेठी)। रामगंज के छीड़ा निवासी रामपाल हरिजन (62) मंगलवार को अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर छीड़ा चौराहे के पास बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए। देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे पंकज ने बताया कि उनके पिता किसी काम से पैदल घर से निकले थे। वह हाईवे किनारे पटरी पर खड़े थे, तभी प्रतापगढ़ से सुल्तानपुर जा रही बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, बाइक सवार भी गिरकर चोटिल हो गया। भीड़ जुटती देख युवक बाइक छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने उनके पिता को प्रतापगढ़ जिले के सीएचसी कौहडोर पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।
पंकज ने बताया कि वह भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर प्रयागराज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर कृष्णमोहन सिंह ने बताया कि बेटे की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है।