अमेठी सिटी। जगदीशपुर व शुकुल बाजार के आम लखनऊ के आम महोत्सव की मिठास बढ़ाएंगे। जिले से 13 जुलाई को करीब 50 आम बागवानों का दल अपने सर्वश्रेष्ठ आम के साथ लखनऊ के अवध शिल्पग्राम के महोत्सव में हिस्सा लेगा। इसके लिए उद्यान विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आम की पैदावार पूरे जिले में होती है। सबसे ज्यादा बेहतरीन आम की पैदावार शुकुलबाजार, जगदीशपुर, संग्रामपुर व भेटुआ में हो रही है। जहां लंगड़ा, चौसा, बंबइया, दशहरी, मालदा आदि आम की पैदावार हो रही है। जिले के साथ आसपास के जिलों की मंडियों में भी पहुंचाया जा रहा है।
जिला उद्यान निरीक्षक प्रमोद यादव ने बताया उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2024 का आयोजन 12 से 14 जुलाई को 11 बजे से अवध शिल्पग्राम, अवध बिहार योजना, सेक्टर-9 अमर शहीद पथ, लखनऊ में आयोजित होगा। जिसमें उत्पादक कृषक अपने आम की विभिन्न प्रजातियों के प्रदर्श सात श्रेणियों के 46 वर्गों में डिस्प्ले कर सकते हैं।
प्रत्येक प्रदर्श एक किग्रा अथवा पांच आम का होगा। जो कृषक स्वयं न जाकर अपने प्रदर्श को वहां लगाना चाहते हैं वह 10 जुलाई तक जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। जो बागवान, पौधशाला स्वामी अपना उत्पाद वहां विक्रय करना चाहते हैं वह स्टाल लगाकर विक्रय कर सकते हैं। प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए जाने वाले बागवानों को वैज्ञानिकों के माध्यम से तकनीकी जानकारी दी जाएगी।