रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ राजस्व निरीक्षक।
- फोटो : amar ujala
अमेठी के बाजार शुकुल में तैनात राजस्व निरीक्षक संतराम को एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई कस्बे में सुंदर मिष्ठान भंडार के पास की। आरोपी करीब दो साल से बाजार शुकुल में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, बूबूपुर निवासी अयोध्या यादव और एक दलित व्यक्ति के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में राजस्व निरीक्षक संतराम पर काम कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
अयोध्या यादव मंगलवार को कस्बे में स्थित सुंदर मिष्ठान भंडार होटल पर पहुंचा। यहां उसने जैसे ही राजस्व निरीक्षक को दस हजार रुपये दिए, पहले से निगरानी कर रही एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद टीम आरोपी राजस्व निरीक्षक को अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग में खलबली मच गई। मामले में एंटी करप्शन टीम की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।