अमेठी। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड स्थित अमेठी और अंतू रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है। ट्रैक दोहरीकरण के चलते अमेठी-कालिकन मार्ग पर बने अंडरपास की लंबाई को बढ़ाए जाने को लेकर खोदाई की गई है। इस वजह से अमेठी-कालिकन मार्ग को 25 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। अंडरपास से आवागमन बाधित होने के चलते 50 हजार से अधिक राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लखनऊ-वाराणसी रेलखंड स्थित अमेठी रेलवे स्टेशन और अंतू रेलवे स्टेशन तक रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम इन दिनों प्रगति पर है। दोहरीकरण के काम के चलते अमेठी-कालिकन मार्ग को जोड़ने के लिए गेट संख्या 100 पर बने अंडरपास की लंबाई बढ़ाई जानी है। गौरतलब है कि जब अंडरपास का निर्माण हुआ था तो उस समय सिंगल रूट था। अब ट्रैक के दोहरीकरण के लिए लंबाई बढ़ाए जाने को लेकर अंडरपास को तोड़कर उसकी खोदाई की गई है। इस वजह से अंडरपास को 25 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
अंडरपास बंद होने के कारण अमेठी-कालिकन मार्ग से गुजरने वाले करीब 50 हजार से अधिक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे लाइन के दक्षिणी छोर के लोगों को अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
अंडरपास से आवागमन बंद होने के बाद लखनऊ-वाराणसी रेलखंड स्थित गेट संख्या 99 से आमद-रफ्त का रूट निर्धारित किया गया है। उक्त रेलवे क्रॉसिंग सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ही खुलती है। शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक यह क्रॉसिंग पूरी तरह बंद रहती है। इससे राहगीरों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। समय की बचत और लंबी दूरी तय करने से बचने के लिए साइकिल सवार व स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करते हैं।
समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता ओपी द्विवेदी ने कहा कि अंडरपास बंद होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। जल्द आवागमन बहाल कराया जाना चाहिए। कालिकन धाम के पुजारी श्रीमहाराज ने बताया कि धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बहुत अधिक होती है। सीधा रास्ता बंद होने से श्रद्धालुओं को धाम पहुंचने में परेशानी हो रही है। अधिवक्ता सदाशिव पांडेय ने कहा कि नौकरीपेशा एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आवागमन जल्द बहाल कराया जाना आवश्यक है। समाजसेवी रामू सिंह ने कहा कि गेट संख्या 99 को काम पूरा होने तक दिन-रात खोल दिया जाए तो लोगों को सहूलियत होगी। प्रधान रज्जू उपाध्याय ने कहा कि अंडरपास निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से गार्ड आदि की तैनाती कराई जाए जिससे कोई अनहोनी न घट सके।