अमेठी सिटी। देश के दो प्रमुख मसाला ब्रांड में एथिलीन ऑक्साइड नामक कीटनाशक होने के आरोप में उन्हें प्रतिबंधित किया गया था। जिसके बाद मसाला उत्पादकों के यहां सैंपलिंग की गई। जिसमें जांच के बाद एथिलीन ऑक्साइड नहीं पाया गया है।
जिले में एक माह पहले छह मसाला कंपनियों से कुल 10 नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए थे। एथिलीन ऑक्साइड की मसाले में मौजूदगी जांचने व अन्य पैमाने को चेक किया गया। बृहस्पतिवार को जिले के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिन्हा ने बताया कि एथिलीन ऑक्साइड व अन्य अशुद्धियों का पता लगाने के लिए यह सभी मसाले प्रदेश से बाहर जांच के लिए भेजे गए थे। जहां 10 में से छह नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है।
सभी छह नमूने जांच में पास हो गए हैं। मसालों में किसी भी प्रकार का कीटनाशक व अन्य कोई अशुद्धि नहीं पाई गई है। चार अन्य नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलनी अभी बाकी है। प्रमुख मसाला कारोबारी व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि का कहना है कि कंपनी के अंदर उत्पादन कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाता है। लंबे समय तक लोगों का विश्वास जीतने के बाद ही ब्रांड स्थापित हो पाता है। विदेश में लगाए गए आरोप पर कुछ नहीं कहा जा सकता है।