अमेठी सिटी। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अमेठी डिपो ने सुल्तानपुर, अयोध्या, लखनऊ के लिए बसों को लगाया है। परीक्षार्थियों को संबंधित जिले के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने में सहूलियत होगी। इन बसों से परीक्षार्थी निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। एआरएम ने चालकों-परिचालकों को ड्यूटी संबंधित निर्देश दिए हैं।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 23 से 31 अगस्त तक होगी। जिले को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। जिले के सभी परीक्षार्थियों को दूसरे जिलों में बने परीक्षा केंद्रों पर जाना होगा। परीक्षार्थियों को संबंधित जिलों के परीक्षा केंद्रों पर आवागमन की सुविधा मुहैया कराने को लेकर अमेठी डिपो ने तैयारियां की हैं।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय अयोध्या से परीक्षा में बसों को लगाने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम निशा अनंत, एसपी अनूप सिंह ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ बैठक कर तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। परीक्षा में डिपो की ओर से परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए सुल्तानपुर के लिए 10 बसें लगाई गई हैं।
अयोध्या और लखनऊ के लिए नियमित बसों के अलावा पांच-पांच बसें लगाई गई हैं। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि बसों को परीक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। परीक्षार्थियों की उपलब्धता के आधार पर अन्य जिलों के लिए भी बसें लगाई जाएंगी। चालकों-परिचालकों का अवकाश इस दौरान रद्द किया गया है। बस में यात्रा के दौरान परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र की फोटो कॉपी जमा करनी होगी। उसके बाद वह निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।