मृतक रईस अहमद व घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
अमेठी जिले के मोहनगंज क्षेत्र के कुटमरा गांव में ननिहाल में रह रहे बाराबंकी के असंद्रा क्षेत्र निवासी रईस अहमद (25) का शव रविवार को गांव के बाहर बाग में पेड़ से फंदे लटका मिला। रईश के मौत का कारणों का पता नहीं चल सका है।
रईस की मां जरीना ने बताया कि रविवार सुबह वह बेटे को खाना खिला चुकी थीं। नौ बजे रईस घर से निकला पर वापस नहीं लौटा। दोपहर में जब गांव के पास नैया नाला के समीप मवेशी चरा रहे लोगों ने बाग में पेड़ से लटका शव देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मां ने जब बेटे की निर्जीव देह को फंदे से झूलते देखा, तो चीखें गूंज उठीं।
मामले की सूचना पाकर पहुंची मोहनगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रईस की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।