रामगंज के त्रिसुंडी गांव में शनिवार सुबह मुकेश यादव (45) की पड़ोसी पिता ने अपने दो पुत्रों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव घर पर रखकर परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सीओ ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत किया है।
संजय यादव ने बताया कि उनका भाई मुकेश सुबह घर के बगल जमा पानी पर मिट्टी डालकर कीचड़ हटाने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान पड़ोसी सुकई यादव अपने पुत्रों राजेश यादव और बृजेश यादव के साथ वहां पहुंचा और कहासुनी होने लगी। आरोप है कि तीनों ने मिलकर मुकेश पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले।
परिजन घायल मुकेश को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। परिजन शव घर लेकर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान थाना प्रभारी और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई।
सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।