गौरीगंज (अमेठी)। बुजुर्गों को इलाज कराने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। एनएचएम की ओर से संयुक्त जिला अस्पताल में जमीनी सतह पर 10 बेड का वार्ड बनाने की स्वीकृति दी गई है। महानिदेशक का पत्र मिलने के बाद सीएमएस ने भूमि चिन्हांकन की कवायद शुरू कर दी है। जिले के स्वास्थ्य महकमे में एक के बाद एक सुविधा बढ़ाई जा रही है। पिछले दिनों जिला अस्पताल की पैथोलॉजी को हाईटेक बनाते हुए उसे पूरी तरह कंप्यूटराइज कर दिया गया। इतना ही नहीं कई जांचें भी बढ़ा दी गईं। जांच रिपोर्ट भी मरीजों को उनके मोबाइल नंबर पर मिलने लगी है। इस बीच मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सीएमएस को पत्र भेजकर संयुक्त जिला अस्पताल में 10 बेड का वृद्धा वार्ड बनाने के लिए भूमि मुहैया कराने को कहा है। इसके साथ ही निर्माण के लिए 40 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए।
पत्र व राशि मिलने के बाद सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल परिसर में भूमि चिह्नित करने की कवायद में जुटे हैं। बताया कि शासन की मंशा है कि बुजुर्ग अवस्था में बीमार होने पर मरीजों को सीढ़ी पर चढने, शौच के लिए वार्ड से बाहर जाने आदि में परेशानी होती है। इस लिए उनके लिए बनने वाला वार्ड जमीन की सतह पर ही होगा। जिससे मरीज को सीढि़यों पर नहीं चढ़ना पड़े। उसी वार्ड में प्रसाधन समेत अन्य सुविधाएं मौजूद हों।
उन्होंने 40 लाख रुपये मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि परिसर में ही भूमि चिह्नित की जा रही है। भूमि का चिन्हांकन करने के बाद सूचना महानिदेशक को भेजी जाएगी। इसके बाद उनकी ओर से कार्यदायी संस्था नामित की जानी है। कहा कि इससे संयुक्त जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को सहूलियत मिलेगी।