पूर्वांचल एक्सप्रेस वे बाजार शुकुल के पास हादसे में क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को हटाते कर्मी। स्रोत:
बाजारशुकुल। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह काजीपुर गांव के पास एंबुलेंस का अगला दाहिना टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आजमगढ़ के मुबारकपुर क्षेत्र निवासी अनिरुद्ध (40) की मौत हो गई। उनकी पत्नी वंदना (38), बेटी आंचल (18), बेटा राजा (19) तथा हरियाणा के रोहतक स्थित शिवाजी कॉलोनी निवासी एंबुलेंस चालक विकास (45) घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वंदना के मुताबिक उनके पति अनिरुद्ध का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा था। उपचार के बाद वह पति और बच्चों के साथ एंबुलेंस से घर लौट रही थीं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काजीपुर गांव के पास एंबुलेंस का अगला दाहिना टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखीं आलू की बोरियों से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में अनिरुद्ध, वंदना, बेटी आंचल, बेटा राजा तथा चालक विकास घायल हो गए।
लोगों ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां से अनिरुद्ध की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत में सुधार बताया गया है। एसओ विवेक वर्मा ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव लेकर पैतृक गांव रवाना हो गए।