इन्हौना(अमेठी)। बंदी को उपचार के लिए लखनऊ लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए।
सुल्तानपुर जिला जेल से बंदी राजू सिंह को हेड कांस्टेबल रामबाबू पांडेय, सौरभ सिंह, पंकज पासवान, सच्चिदानंद व मेडिकल टेक्नीशियन रंजीत कुमार एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे। शुक्रवार की रात इन्हौना थाना क्षेत्र से गुजरने वाले हाईवे पर ओवर टेक करते हुए एंबुलेंस ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में मेडिकल टेक्नीशियन रंजीत कुमार व कांस्टेबल पंकज पासवान घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद हालात सामान्य होने पर सभी को सुरक्षा के बीच बंदी समेत लखनऊ रवाना किया गया। एसएचओ कंचन सिंह ने बताया कि दुर्घटना में हालात सामान्य होने पर दूसरे वाहन से सुरक्षा के बीच भेजा गया है।