गौरीगंज। दीपावली अवकाश के बाद दिल्ली जाने वाले यात्रियों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गौरीगंज होकर संचालित लगभग सभी ट्रेनों की सीटें भर चुकी हैं। 30 अक्तूबर तक आरक्षित श्रेणी में एक भी सीट खाली नहीं है। तत्काल कोटे से भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन यात्रियों को साधारण कोच में भीड़ में या निजी बसों से महंगे किराये पर सफर करना पड़ रहा है।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली के लिए टिकट बुक करवाने पहुंचे, लेकिन किसी को भी सफलता नहीं मिली। स्टेशन स्थित आरक्षण खिड़की पर पहुंचने वाले यात्रियों ने बताया कि मालदाटाउन एक्सप्रेस, न्यू मालदा टाउन एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, धनबाद-दिल्ली स्पेशल, हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस और गरीब रथ में सभी श्रेणियों की सीटें फुल हैं।
वहीं काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस में भी 30 अक्तूबर तक प्रतीक्षा सूची रिग्रेट पर पहुंच गई है। टिकट न मिलने से यात्रियों में नाराजगी है। वे कह रहे हैं कि साधारण डिब्बों में अत्यधिक भीड़ के बीच यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है। वहीं, निजी बस संचालक इस स्थिति का फायदा उठाते हुए सामान्य किराये से लगभग दोगुना वसूल रहे हैं।
गौरीगंज के रामशरण वर्मा ने कहा कि एक सप्ताह से टिकट बुक कराने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन हर ट्रेन रिग्रेट दिखा रही है। अब दोगुना किराया देकर बस से जाना पड़ेगा। संदीप मिश्रा ने बताया कि तत्काल टिकट भी मिलना मुश्किल हो गया है। साधारण कोच में इतनी भीड़ होती है कि बैठना तो दूर, खड़े होना भी मुश्किल है। नेहा श्रीवास्तव का कहना था कि बच्चों के साथ सफर करना बेहद कठिन हो गया है। न अतिरिक्त ट्रेनें चल रही हैं, न सीटें मिल रही हैं। राजेश यादव ने बताया कि दीपावली के बाद हर साल यही स्थिति रहती है।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अधिकांश यात्री अपनी यात्रा की योजना बनाते समय ही टिकट आरक्षित कर लेते हैं। त्योहारों के दौरान मांग अधिक होने से सीटें जल्दी भर जाती हैं। उन्होंने बताया कि तत्काल कोटे के टिकट भी एक मिनट से कम समय में बुक हो जाते हैं। प्रतिदिन औसतन एसी श्रेणी में सात और स्लीपर श्रेणी में लगभग 12 टिकट बुक किए जा रहे हैं।