गौरीगंज (अमेठी)। संक्रमण के रोकथाम की प्रशासन की सारी कोशिशें नाकाफी साबित हो रही हैं। कोविड कर्फ्यू में रियायत मिलने के बाद भी जिले मेें साप्ताहिक बंदी फ्लॉप साबित हो रही हैं।
रविवार को बंदी के बावजूद सड़कों पर चहल-पहल रही तो दुकानदार भी चोरी-छिपे प्रतिष्ठान खोल बिक्री करते रहे। डीएम के निर्देश पर गठित टीमों ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन करते हुए लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की।
रविवार को साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में चहल-पहल रही तो दुकानदार भी चोरी छिपे प्रतिष्ठान खोलकर ग्राहकों को सामान देने में जुटे रहे।
डीएम अरुण कुमार के निर्देश पर गठित सफाई कर्मियों की टीम ने सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई करते हुए सैनिटाइजेशन किया। अभियान के दौरान कर्मियों ने कोविड संक्रमण से बचाव के लिए लोगों से मास्क का प्रयोग करने, सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन करने तथा टीकाकरण कराने की अपील की।
अधिशाषी अधिकारी सुजीत कुमार व डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि तकरीबन सभी ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन कार्य सफाई कर्मियों द्वारा किया गया।
इस दौरान अफसर व पुलिस कर्मी लगातार भ्रमण कर अनावश्यक बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई करने के साथ ही माइक से कोविड संक्रमण से बचाव नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक करते रहे।
डीएम ने बताया कि सोमवार सुबह सात बजे के बाद ही आवश्यक होने पर लोग बाहर निकलें। अग्रिम निर्देशों तक साप्ताहिक बंदी व रात्रि कर्फ्यू जिले में जारी रहेगा।