अमेठी सिटी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज राघीपुर में शनिवार को खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कबड्डी में अखिल कुमार कश्यप, ऋषि, नूर आलम, सचिन, अरुण और अरबाज की टीम ने जीत दर्ज की।
गोला फेंक स्पर्धा में नूर आलम पहले, अरबाज दूसरे और ऋषि तीसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर दौड़ में ऋषि ने सबसे तेज दौड़ लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नूर आलम दूसरे और अखिल तीसरे स्थान पर रहे। बालिकाओं की ऊंची कूद प्रतियोगिता में इच्छा और वंदना संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं। अंजली और खुशबू ने दूसरा, जबकि अर्चना, सरिता, वर्षा मिश्र, निधि और शुभि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
रस्सी कूद स्पर्धा में इच्छा पहले, मोनिका दूसरे और खुशबू तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य शैलेश पांडेय ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और शारीरिक सक्रियता का विकास खेलों से संभव होता है। इस मौके पर शिक्षक रवींद्र कुमार यादव, सुधांशुधर पांडेय, संगीता सिंह, राम कुमार आदि उपस्थित रहे। विजेता और प्रतिभागी छात्रों को मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।