अमेठी। प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा शुक्रवार को अपनी टीम के साथ शहर में थे। भाजपा नेता व व्यवसायी राजेश अग्रहरि की मां के पुण्य तिथि कार्यक्रम में पधारे अनूप जलोटा ने ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन समेत अपने अन्य सुपरहिट भजन से माहौल को भक्तिमय कर दिया। आलम यह रहा कि कार्यक्रम में मौजूद श्रोता आधी रात तक डटे रहे।
शहर के व्यवसायी व भाजपा नेता राजेेश अग्रहरि ने शुक्रवार को अपनी मां बच्ची देवी की याद में भजन संध्या का आयोजन किया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा को पूरी टीम के साथ बुलाया गया था।
शाम को शहर पहुंचे अनूप जलोटा और उनकी टीम द्वारा भजन की प्रस्तुति का कार्यक्रम देर शाम आठ बजे शुरू हुआ। अनूप जलोटा ने कार्यक्रम की शुरूआत अपने हिट भजन ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन, ओ तो गली-गली हरि गुन गाने लगी’ से की।
इसके बाद तो अनूप ने मौजूद लोगों को एक से बढ़कर एक भजन सुनाए। अनूप की ओर से सुनाए गए चर्चित भजनों में रंग दे चुनरिया, जग में सुंदर हैं दो नाम, चाहे कृष्ण कहो या राम’ आदि शामिल रहे। अनूप के भजनों को सुनकर कार्यक्रम में मौजूद श्रोता आधी रात तक झूमते रहे।
आठ बजे शुरू हुआ कार्यक्रम रात 11:30 पर समाप्त हुआ। कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री मनीष गुप्ता, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में व्यवसायी राजेश अग्रहरि व उनकी पत्नी नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी ने अनूप जलोटा व उनकी टीम को अंगवस्त देने के साथ ही लोगों का आभार भी जताया।