अमेठी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम परिसर में 19 से 29 दिसंबर तक होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर स्टेडियम से लेकर कस्बे को दो जोन में बांटा गया है। दोनों जोन में चार सीओ, 20 इंस्पेक्टर समेत दो कंपनी पीएससी के साथ ही अन्य पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। स्टेडियम के अंदर करीब ढाई सौ सेना के जवान भर्ती प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे। प्रशासन ने तैयारी पूरी होने का दावा किया है। अग्निवीर सेना भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन के लिए 13 जिलों के करीब दस हजार से अधिक अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील मोरे के नेतृत्व में वृहद स्तर पर तैयारी की जा रही है। स्टेडियम परिसर के अंदर सेना के अफसरों की मौजूदगी में करीब 250 सेना के जवान मौजूद रहकर भर्ती प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो जोन बनाए गए हैं। स्टेडियम से लेकर मुंशीगंज बाईपास अंडर ब्रिज तक पहला जोन और मुंशीगंज बाईपास अंडर ब्रिज से लेकर रेलवे स्टेशन बस स्टेशन व शहर को दूसरे जोन में रखा गया है। चार सीओ, 20 इंस्पेक्टर, 60 सब इंस्पेक्टर, ढाई सौ आरक्षी, दो कंपनी पीएसी के साथ ही ट्रैफिक पुलिस लगाई जा रही है। रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस के साथ ही स्थानीय पुलिस की भी ड्यूटी लगाई जा रही है। वहीं, बस स्टेशन पर भी ड्यूटी लगाई गई है।
सोमवार को डीएम राकेश कुमार मिश्रा और सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील कुमार मोरे ने कलेक्ट्रेट में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि भर्ती पारदर्शी तरीके से होगी। कहा कि अभ्यर्थी किसी के बहकावे में न आएं और तैयारी के साथ प्रतिभाग करें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराए जाने को लेकर पीएसी समेत अन्य फोर्स की मांग की गई है। बनाए गए जोन के अनुसार अफसरों व पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। ट्रैफिक पुलिस के साथ ही साइन बोर्ड लग रहा है। बताया कि रूट डायवर्जन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 17 दिसंबर रात तक पुलिस फोर्स आ जाएगी।
खुफिया एजेंसी सतर्क
अमेठी में होने वाली भर्ती रैली को लेकर खुफिया एजेंसियों की नजर फर्जी दस्तावेज से सेंधमारी करने वाले अभ्यर्थियों पर रहेगी। पुलिस व सुरक्षाबलों की खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं। इसको लेकर निगरानी भी तैयारी के साथ तेज हो गई है।
अनुचित माध्यमों का न करें प्रयोग
सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील मोरे ने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया होगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में उल्लिखित दस्तावेज अभी से तैयार कर लें और उसे साथ लाएं। कहा कि दलालों से सावधान रहते हुए अनुचित माध्यमों का सहारा न लें। मेडिकल व अन्य में अनफिट होने पर किसी के बहकावे में न आएं, ठगी के शिकार हो सकते हैं।