अमेठी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम परिसर में मंगलवार से अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हुई। पहले दिन 13 जिलों के युवाओं ने खूब दौड़ लगाई। इसमें उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता के साथ अभिलेखों की जांच आदि प्रक्रिया पूरी की गई। भर्ती में आए युवाओं में गजब का उत्साह दिख रहा है।
सेना भर्ती कार्यालय के संयोजन में मंगलवार को स्टेडियम परिसर में 19 से 29 दिसंबर तक जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन अग्निवीर भर्ती का शुभारंभ हुआ। मंगलवार को अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल के लिए अमेठी के साथ सुल्तानपुर, अयोध्या, आंबेडकर नगर, बस्ती, प्रयागराज, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर के 620 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
भोर तीन बजे से ही रैली भर्ती स्थल स्टेडियम परिसर में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई। स्टेडियम परिसर में प्रवेश होने पर अभ्यर्थियों की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पहले रेस शुरू कराई गई। अभ्यर्थियों ने निर्धारित दूरी व समय में पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। दौड़ प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबी कूद, बीम व अन्य शारीरिक दक्षताओं का परीक्षण जवानों ने कराया। कागजात की जांच एवं अन्य प्रक्रियाएं देर तक चलती रही। दौड़ में असफल अभ्यर्थियों को दूसरे गेट से सेना के जवानों ने बाहर करा दिया। पहले दिन स्टेडियम परिसर में भर्ती मुख्यालय लखनऊ के भर्ती उप महानिदेशक ब्रिगेडियर प्रणव मिश्र, कर्नल सुनील कुमार मोरे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे सख्त इंतजाम
अमेठी। अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर जहां स्टेडियम में सेना के जवानों निगरानी कर रहे हैं। एसपी डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में स्टेडियम गेट से लेकर पूरा शहर छावनी में तब्दील है।
स्टेडियम मोड़, फायर ब्रिगेड मोड, बाईपास से लेकर सभी तिराहों चौराहों पर पुलिस तैनात है। रेलवे स्टेशन बस स्टेशन के साथ अभ्यर्थियों के ठहरने वाले स्थान पर भी पुलिस की तैनाती की गई है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रेलवे स्टेशन बस स्टेशन शहर के साथ ही अन्य स्थानों पर जगह-जगह लगाई गई है।