गोरखपुर के लिए :::::::::
जनरथ से कूरियर कंपनी का 300 ग्राम सोना गायब होने का मामला
लखनऊ के कई ठिकानों पर पुलिस ने की जांच, कई लोगों को उठाया
एसपी के निर्देश पर कई टीम कर रहीं मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बाजार शुकुल (अमेठी)। थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्थित कैंटीन पर बृहस्पतिवार को जनरथ बस से यात्रा कर रहे एक कूरियर कंपनी के एजेंट से संदिग्ध हालात में 21 लाख का सोना गायब होने के मामले में पुलिस उलझ गई है। पुलिसिया जांच की दिशा बेपटरी नजर आ रही है। यह सोना गोरखपुर के किसी व्यापारी के पास जा रहा था।
पुलिसिया जांच की सुई कूरियर कंपनी के जिम्मेदारों पर आकर अटक गई है। कंपनी के एजेंट व मैनेजर को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
बाजार शुकुल इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गनेशीपुरवा सेवरा गांव के पास स्थित यूपीडा की कैंटीन पर बृहस्पतिवार की सुबह लखनऊ से निकली जनरथ बस ठहरी थी। बस में सवार कूरियर कंपनी के एजेंट व राजस्थान के धवलपुर निवासी रामसेवक परमार के बैग से करीब 21 लाख का 300 ग्राम सोना संदिग्ध हालात में गायब हो गया था।
इसकी जानकारी पर क्षेत्रीय पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस के अलावा आला अफसरों ने फौरन ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस की एक टीम ने लखनऊ में बस अड्डे, कूरियर कंपनी के दफ्तर सहित कई स्थानों पर जांच पड़ताल कर सीसीटीवी फुटेज आदि चेक किए थे, लेकिन सोना गायब होने को लेकर पुलिस कोई अहम सुराग नहीं जुटा पाई थी।
शुक्रवार को एसपी अनूप कुमार सिंह ने कई टीमें बना कर जांच पड़ताल शुरू कराई है। अब पुलिसिया जांच कूरियर कंपनी के जिम्मेदारों पर आकर अटक गई है। पुलिस ने कूरियर कंपनी के एजेंट रामसेवक परमार व मैनेजर अमन परमार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को कूरियर कंपनी के लोगों पर संदेह है। इन लोगों से पुलिस पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा कंपनी के अन्य कर्मचारी भी पुलिस की रडार पर हैं। कई अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ हुई है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि हिरासत में लिए गए कूरियर कंपनी के दोनों जिम्मेदार अब एक दूसरे पर ही लापरवाही सहित अन्य तरह के आरोप लगा रहे हैं। बताते हैं कि कूरियर कंपनी का संचालन राजस्थान के लोग कर रहे हैं। कूरियर कंपनी का संचालन एक परिवार व उसके रिश्तेदार करते हैं। यह लोग कूरियर के लिए आने वाले माल का बीमा भी कराते हैं। ताकि किसी अनहोनी पर उसका मोल उन्हें न चुकाना पड़े।
पुलिस कूरियर कंपनी के लोगों से पूछताछ के साथ गहनता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा का कहना है कि घटना पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत होती है। कूरियर कंपनी का एजेंट व मैनेजर एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
गोरखपुर के कारोबारी ने गुजरात से बुक कराया था सोना
कूरियर कंपनी के एजेंट से 21 लाख का सोना गायब होने के मामले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। गायब हुआ सोना गोरखपुर के एक व्यापारी का था।
सूत्रों का कहना है कि गोरखपुर के व्यापारी ने सोना गुजरात के राजकोट स्थित नोवा गोल्ड कंपनी से बुक कराया था। बुक कराया गया यह सोना कूरियर कंपनी के जरिए गोरखपुर भेजा जाना था। रास्ते में यह सोना संदिग्ध हालात में गायब हो गया। अब पुलिस ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। सूत्रों का दावा है कि इस घटना से बड़ी घपलेबाजी व शातिर लोगों के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।