अमेठी शहर के दुर्गापुर रोड पर बनी पानी की टंकियां। -संवाद
अमेठी सिटी। नगर पंचायत अमेठी में लगभग 15 वर्षों से बंद पड़ी जलापूर्ति व्यवस्था जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। मेनलाइन से पाइपलाइन जोड़ने के लिए रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से अनुमति मिल गई है। परमीशन मिलने के बाद जलनिगम पाइपलाइन जोड़ने की तैयारी में जुट गया है। इसके पूरा होते ही नगर के करीब 70 हजार से अधिक लोगों को पेयजल सुविधा मिलने का रास्ता खुल जाएगा।
शहर के दुर्गापुर रोड पर बनी तीनों पानी की टंकियां लंबे समय से शोपीस बनी थीं और लोग प्यासे भटकने को मजबूर थे। दशकों पुरानी पड़ीं पाइपलाइनें पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थीं। पिछले आठ वर्षों से नगर क्षेत्र में एक भी सक्रिय कनेक्शन नहीं था। लगभग चार दशक पूर्व सरवनपुर स्थित टंकी से अमेठी नगरवासियों को पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था हुई थी, लेकिन पाइपलाइन और नलकूप खराब होने से यह योजना ठप हो गई थी।
वर्ष 2023-24 में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर पंचायत के 12 वार्डों और आसपास की ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति बहाल करने के लिए 11.7 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई। इसके तहत 45 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई और रायपुर फुलवारी के पूरे राम प्रसाद गांव में 750 व 200 किलोलीटर क्षमता की टंकियों का निर्माण कराया गया। पाइपलाइन को मेन सप्लाई लाइन से जोड़ने में रेलवे और एनएचएआई के रास्ते बाधा बन रहे थे, जिनकी अनुमति अब मिल चुकी है।
बोले लोग, संस्था लापरवाह
अमेठी कस्बा निवासी सुशील कुमार जायसवाल ने बताया कि 35 साल पुरानी टंकी में 15 वर्षों से पानी की एक बूंद नहीं आई थी इसलिए कनेक्शन कटवा दिया गया। बताया गया है कि फिर बजट आया है, लेकिन काम करने वाली संस्था की लापरवाही से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। वार्ड नंबर आठ निवासी मोहम्मद कमरुल इस्लाम ने बताया कि नगर पंचायत के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
तोपखाना मोहल्ला निवासी मुन्नवर अली सैफी ने कहा कि नगर पंचायत में जलापूर्ति नहीं हो रही है। कटरा राजाहिम्मत सिंह निवासी सदाशिव पांडेय ने बताया कि कई वर्षों पानी नहीं मिल रहा है। पाइप डालकर काम छोड़ दिया गया है। संबंधित अफसर इसे गंभीरता से लेकर परियोजना को पूरा कराएं।
जल्द जलापूर्ति शुरू कराने का प्रयास
नगरीय क्षेत्र के अवर अभियंता यूके यादव ने बताया कि परमीशन मिलने के बाद पाइपलाइन जोड़ने का काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि मेनलाइन जुड़ते ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिससे नगरवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।