अमेठी सिटी। गौरीगंज तहसील स्थित सेंट्रल बार एसोसिएशन की बैठक शनिवार को संपन्न हुई। बैठक में अधिवक्ताओं के सदस्यता अभियान, न्यायिक व्यवस्था और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई। इसकी अध्यक्षता करते हुए अधिवक्ता गिरीश यादव ने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाना आवश्यक है। महासचिव अभिनेष कुमार शुक्ल ने कहा कि दीवानी न्यायालय के सुचारू संचालन के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया जाएगा। बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि सामूहिक एकजुटता से ही संगठन को सशक्त बनाकर न्याय व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। (संवाद)
न्यायिक व्यवस्था में सुधार को लेकर बनाई रणनीति
मुसाफिरखाना। बार एसोसिएशन की बैठक शनिवार को तहसील परिसर में आयोजित हुई, जिसमें अधिवक्ताओं ने न्यायिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और समाधान की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को जारी रखेंगे और मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता में कई मुद्दे रखे जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल ने की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता 16 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। जब तक प्रशासन सकारात्मक कदम नहीं उठाता, आंदोलन समाप्त नहीं होगा। (संवाद)