मुसाफिरखाना में एसडीएम का पुतला फूंकते अधिवक्ता।
मुसाफिरखाना। तहसील परिसर में शनिवार को अधिवक्ताओं ने एसडीएम अभिनव कनौजिया का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। प्रदर्शन के चलते न्यायिक कार्य प्रभावित रहा, जिससे वादकारियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।
एसडीएम की कार्यप्रणाली के विरोध में अधिवक्ताओं का आंदोलन 30 दिसंबर से जारी है। बार एसोसिएशन के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता भागीदारी कर रहे हैं। शनिवार को बार अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल की अगुवाई में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान तहसील गेट पर एसडीएम का पुतला फूंका गया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रशासनिक रवैये से न्यायिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल न होने से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक विरोध चलता रहेगा। न्यायिक कार्य न होने से दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे वादकारियों को निराश लौटना पड़ा। कई लोग सुबह से सुनवाई की प्रतीक्षा करते रहे, मगर कामकाज बंद रहने से तारीख बढ़ गई। वादकारियों ने बताया कि लगातार तारीख पड़ने से समय और धन दोनों की हानि हो रही है। स्थिति को देखते हुए तहसील परिसर में एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा। लगातार जारी आंदोलन से सामान्य कामकाज प्रभावित है। आमजन समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।